उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने किया कोतवाली थाना में ई-मालखाना का शुभारंभ
उत्तर बस्तर कांकेर, 11 जुलाई 2026/ प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरूण साव ने आज जिला प्रवास के दौरान सिटी कोतवाली थाने में ई-मालखाना का शुभारंभ किया, साथ ही जिला पुलिस को प्राप्त एक नवीन बस सहित चार वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उक्त ई-मालखाना क्यूआर कोड आधारित प्रदेश का पहला थाना है, जहां डिजिटल टैªकिंग प्रबंधन प्रणाली को पारदर्शी, आधुनिकीकरण और सुव्यवस्थित ढंग से सरलीकृत किया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव आज अपरान्ह सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर ई-मालखाना का शुभारंभ किया। साथ ही जब्तशुदा सामानों की ऑनलाइन टैªकिंग प्रक्रिया की जानकारी ली। जिला पुलिस द्वारा की गई उक्त पहल की सराहना करते हुए इसे बेहतर व्यवस्था निरूपित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने बताया कि ई-मालखाना प्रणाली एक आधुनिक डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से अपराध के दौरान विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई संपत्तियों एवं दस्तावेजों का सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा। इस प्रणाली का उद्देश्य जब्त संपत्ति के रखरखाव को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं जवाबदेह बनाना है, ताकि विवेचना एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री को शीघ्रता से खोजकर प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि ई-मालखाना में जब्त किए गए वाहन, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, एनडीपीएस प्रकरणों से संबंधित सामग्री तथा अन्य केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाता है, जिससे प्रत्येक वस्तु का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित डेटा उपलब्ध रहता है।
उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस कांकेर द्वारा अपराध के दौरान जब्तशुदा हथियार, उपकरण व सामान का रखरखाव की प्रबंधन प्रणाली को पारदर्शी, आधुनिकीकृत और सुव्यवस्थित बनाने के लिए ई मालखाना का आगाज़ किया गया है, जिसमें संपूर्ण रिकॉर्ड ऑनलाइन किया जा रहा है। प्रत्येक बॉक्स के लिए क्यू आर कोड जनरेट किया गया है। बॉक्स में चस्पा क्यूआर कोड को स्कैन करते ही अपराध प्रकरण का विवरण, बॉक्स में बंद जब्त सामान की जानकारी संख्या और तिथि सहित मिल जाती है। साथ ही जब्त सामान या उपकरण जैसे मोबाइल, नकदी, हथियार, आभूषण, मादक द्रव्य, प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट्स आदि का डिजिटल रिकॉर्ड क्यू आर कोड की स्कैनिंग से आसानी से उपलब्ध हो जाता है। इससे डिजिटल अभिलेख और पेपरलेस वर्क भी आसान तरीके से मुहैया हो जाएगा। बताया गया कि प्रदेश में क्यूआर कोड के जरिए मालखाने का डिजिटाइजेशन का कार्य कांकेर पुलिस द्वारा प्रारंभ किया गया है। प्रदेश के थानों में अब तक बार कोड स्कैनर की सुविधा थी, लेकिन क्यूआर कोड से डिजिटल मालखाना प्रबंधन प्रणाली पहली बार लागू की गई है। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री साव द्वारा उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, छ.ग. हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी तथा नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव तथा श्री सतीश लाटिया, श्री महेश जैन, श्री आलोक ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित एएसपी श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.), जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एएसपी योगेश साहू, श्री दिनेश सिन्हा, डीएसपी श्री मोहसिन खान, बिन्देश्वरी पिंदे तथा पुलिस स्टाफ और नागरिकगण उपस्थित थे।

