रायपुर एवं अंचलवासियों को रेलवे की बड़ी सौगात : सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से 3 नई मेमू ट्रेनों के परिचालन को मिली मंजूरी

रायपुर एवं अंचलवासियों को रेलवे की बड़ी सौगात : सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से 3 नई मेमू ट्रेनों के परिचालन को मिली मंजूरी

रायपुर एवं अंचलवासियों को रेलवे की बड़ी सौगात : सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से 3 नई मेमू ट्रेनों के परिचालन को मिली मंजूरी
रायपुर–रावघाट तथा रायपुर–कुरुद रूट पर जल्द दौड़ेंगी नई मेमू ट्रेनें

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का जताया हार्दिक आभार

रायपुर / नई दिल्ली 16 अक्टूबर

रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि  बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ की रेल कनेक्टिविटी को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जनसुविधा के विस्तार और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच 3 नई मेमू (MEMU) यात्री ट्रेनों के परिचालन को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद  बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इन नई रेल सेवाओं की स्वीकृति की जानकारी दी है। पत्र के अनुसार निम्नलिखित नई रेलगाड़ियों के परिचालन की मंजूरी दी गई है:
* गाड़ी सं. 68768 / 68769 : रायपुर – रावघाट मेमू
* गाड़ी सं. 68772 / 68771 : रायपुर – कुरुद मेमू
* गाड़ी सं. 68774 / 68773 : रायपुर – कुरुद मेमू

क्षेत्रीय विकास और आमजन की सुविधा को मिलेगी नई गति

इस ऐतिहासिक सौगात पर खुशी व्यक्त करते हुए सांसद  बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, "हमारा निरंतर संकल्प रहा है कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और किफायती आवागमन के साधन सुलभ हों। मैने रेल मंत्री से मेमू ट्रेनों के संचालन के लिए अनुरोध किया था, जिसके बाद इनके परिचालन को हरी झंडी मिल गई है। रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच नई मेमू ट्रेनों के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा वर्ग, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा सुदूर अंचल से राजधानी आने-जाने वाले मरीजों एवं आम नागरिकों को सीधी और त्वरित यात्रा सुविधा मिलेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक संपर्क को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।"

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास को सदैव प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने वाले संवेदनशील रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे और रेल तंत्र का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण एवं विस्तार हो रहा है।