क्षितिज-अपार संभावनाएं’ अन्तर्गत निःशक्त व्यक्तियों के लिए सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना
निःशक्त व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण एवं पूर्ण भागीदारी) अधिनियम, 1995 के तहत निःशक्त मेधावी व्यक्तियों को सिविल सेवा के क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की जा रही है। इससे अन्य दिव्यांग व्यक्ति प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित होंगे तथा उन्हें आगामी तैयारी हेतु आर्थिक सहयोग प्राप्त हो सकेगा। उप संचालक समाज कल्याण, जिला कोण्डागांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के लिए 40 प्रतिशत या उससे अधिक के दिव्यांग पात्र होंगे। आवेदक छत्तीसगढ़ का निवासी हो, अभ्यर्थी को संघ या छ०ग० लोक सेवा आयोग प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होना चाहिए।
योजना अंतर्गत प्रांरभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर रू. 20000/- एकमुश्त, मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर रू. 30000/- एकमुश्त और संघ/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में चयन होने पर रू. 50000/- एकमुश्त राशि मिलेगी।
संघ या छ०ग० लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत आवेदक को https://sw.cg.gov.in/ में ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन ऑनलाइन नहीं कर पाने की स्थिति में ऑफलाइन आवेदन संयुक्त व उपसंचालक, समाज कल्याण जिला कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
cg24
