दिल्ली भर के नालों से 34 लाख मीट्रिक टन गाद निकाली गई : रेखा गुप्ता

दिल्ली भर के नालों से 34 लाख मीट्रिक टन गाद निकाली गई : रेखा गुप्ता

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में नालों से 34 लाख मीट्रिक टन गाद निकाली है। मानसून से पहले मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है और जनता से अनुरोध किया है कि अगर उन्हें आस-पास कोई नाला साफ न दिखे, तो वे 'एमसीडी 311' ऐप पर इसकी सूचना दें। गुप्ता ने कहा, "राष्ट्रीय राजधानी में सभी नालों से गाद निकाली जा रही है।

अगर आपके आसपास कोई नाला छूट गया है, तो लोग 'एमसीडी 311' ऐप पर इसकी सूचना दे सकते हैं, जिसपर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और उस नाले को साफ कर दिया जाएगा।" उन्होंने मिंटो ब्रिज अंडरपास का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले साल भी सरकार के प्रयासों के बाद मध्य दिल्ली में इस स्थान पर जलभराव नहीं हुआ था।

गुप्ता ने 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा, "हम इस साल भी मिंटो ब्रिज अंडरपास पर जलभराव नहीं होने देंगे। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि हमने पिछले साल गाद निकालने का काम किया था। इसके अलावा, हम शहर के अन्य सभी प्रमुख जगहों पर भी नजर रख रहे हैं।" इससे पहले, मुख्यमंत्री ने बाढ़ नियंत्रण विभाग का 'बाढ़ नियंत्रण आदेश 2026' जारी किया था और सभी संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।