*छत्तीसगढ़ के 26 वर्ष युवा ऊर्जा, विकास और नई संभावनाओं का प्रतीक - छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज*
*छत्तीसगढ़ के 26 वर्ष युवा ऊर्जा, विकास और नई संभावनाओं का प्रतीक - छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज*
*छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की दी हार्दिक शुभकामनाएं, विकास और खुशहाली के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान*
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1 नवंबर 2000 को एक नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ की स्थापना से शुरू हुआ विकास का सफर आज 26 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका है। 26 वर्ष की यह आयु इस बात का प्रतीक है कि हमारा नवगठित राज्य अब युवा अवस्था में प्रवेश कर चुका है और उसके सामने विकास, नवाचार तथा नई उपलब्धियों के असीम अवसर हैं।
सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने इन 26 वर्षों में अनेक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। कृषि, उद्योग, खनिज संसाधन, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अधोसंरचना, पर्यटन तथा सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। छत्तीसगढ़ आज देश के तेजी से आगे बढ़ते राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। हालांकि विकास की इस यात्रा में अभी भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, ग्रामीण विकास, आदिवासी अंचलों की सुविधाओं और युवाओं के लिए नए अवसरों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना केवल एक भौगोलिक पहचान का विषय नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों के सपनों, संघर्षों, आकांक्षाओं और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राज्य निर्माण के लिए योगदान देने वाले सभी महापुरुषों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सामाजिक एकता और राजनीतिक इच्छाशक्ति से ही होगा समग्र विकास
प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि किसी भी राज्य का वास्तविक विकास केवल बड़े उद्योगों, सड़कों और भवनों के निर्माण से नहीं मापा जा सकता, बल्कि वहां के नागरिकों की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आर्थिक समृद्धि, सामाजिक सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार से होता है। इसके लिए शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक इच्छाशक्ति और जनभागीदारी दोनों का महत्वपूर्ण स्थान है।
सिक्ख समाज भी प्रदेश के विकास में निभाता रहेगा अपनी सक्रिय भूमिका
सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज का प्रदेश के सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक विकास में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सिक्ख समाज सेवा, समर्पण, मेहनत, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की परंपरा के लिए जाना जाता है। समाज हमेशा से जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, सामाजिक सद्भाव, युवा जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में अपनी सहभागिता निभाता आया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज आने वाले समय में भी प्रदेश के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा। समाज की ओर से युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के लिए प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा प्रदेश की नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने के प्रयास निरंतर किए जाएंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रतिनिधियों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े सदस्यों, मातृशक्ति, युवा वर्ग तथा समस्त समाजजनों की ओर से भी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, सुरजीत सिंह छाबड़ा, मनजीत सिंह भाटिया, देवेंद्र सिंह चावला, तरजीत सिंह मल्होत्रा, करमजीत सिंह नोटा, जसप्रीत सिंह चावला, इकबाल सिंह होरा, रणजीत सिंह खनूजा, अमृत सिंह सूर, इंदर पाल सिंह गांधी, मानवेंद्र सिंह डडियाला, जागीर सिंह बावा, नरेन्द्र सिंह चावला, बंटी जुनेजा, हरमिंदर सिंह राजू छाबड़ा, अत्तर सिंह, इंदरजीत सिंह इस्सर, सागर सिंह छाबड़ा, रविंदर सिंह आसी, मनप्रीत कौर धन्जल, खालसा गुरुद्वारा महावीर नगर के प्रधान रणजीत सिंह खनूजा, सचिव मनमोहन सिंह सहित समाज के समस्त सदस्य एवं समाज के वरिष्ठ जनों ने प्रदेश वासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर हम सभी संकल्प लें कि जाति, धर्म, भाषा और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर प्रदेश की एकता, अखंडता, शांति, भाईचारे और विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।