मेला भाठा मैदान में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर के मेला भाठा मैदान में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर के साथ ही मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम थे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नागरिकों को विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान कला जत्थे के माध्यम से गीत, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को शासकीय योजनाओं के साथ स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांव का ऐसा व्यक्ति, जो किसी कारणवश शहर तक नहीं पहुंच पाता, उसके लिए प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर शिविर आयोजित कर रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिला रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी भावना के साथ लोगों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। श्री नेताम ने स्वच्छता को जनजीवन से जोड़ते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता स्वच्छता पर होनी चाहिए। शहर और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रहेगा तो लोग कम बीमार पड़ेंगे। हमें नियमित साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, आंगन और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की आदत विकसित करे तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय स्थानों पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में कुल 31 सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 7 जिला स्तरीय शिविर शामिल हैं। जिला स्तरीय शिविरों में सेवा सेतु के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी, विभागीय सेवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर रहे हैं तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक की पात्रता पूरी नहीं होती है, तो उसे इसकी जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए, ताकि उसे आवेदन की स्थिति और पात्रता के संबंध में सही जानकारी मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश और समाज की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। गांधी जी के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा शुगर, ब्लड टेस्ट, बुखार, सर्दी-खांसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
सेवा सेतु शिविर में 24 आवेदन प्राप्त हुए इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत 09 हितग्राहियों को गेंदा पौधा एवं 06 हितग्राहियों को फलदार पौधे वितरित किए गए। श्रम विभाग के द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत कुमार चंचल को शिक्षा प्राप्त करने लिए 20 हजार रूपए की सहायता राशि का चेक प्रदान की गई। राजस्व विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को बी-1, खसरा प्रदाय किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 वरिष्ठजनों को छड़ी, 10 निश क्तजन को व्हीचेयर और 01 दिव्यांगजनों को बैसाखी सहायक उपकरण प्रदान किया गया। एक कुष्ठरोग के मरीज को एमसीआर चप्पल और सेल्फ केयर किट प्रदाय किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 बच्चों का अन्नप्राशन एवं 03 माताओं की गोदभराई रस्म की अदायगी की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णीमा कावड़े, महेश जैन, नगर पालिका उपाअध्यक्ष उत्तम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, दिलीप जायसवाल, दिनेश रजक, अनुप शर्मा जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित जनप्रतिनिधि, नागरिकगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।


