भानुप्रतापपुर के कन्या छात्रावास में नाबालिग छात्रा से जुड़ा मामला, कलेक्टर ने गठित किया चार सदस्यीय जांच दल
भानुप्रतापपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में अध्ययनरत एक नाबालिग छात्रा से संबंधित गंभीर एवं संवेदनशील मामला सामने आया है। छात्रा की तबीयत बिगड़ने तथा असामान्य गतिविधियां दिखाई देने पर छात्रावास अधीक्षक द्वारा तत्काल उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच के दौरान छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी छात्रा के परिजनों के साथ-साथ संबंधित उच्चाधिकारियों को भी दी गई।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री जया मनु से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा के परिजन उसके स्वास्थ्य में सुधार के लिए उसे बैगा के पास ले जा रहे थे। इसी दौरान बालिका द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में संबंधित बैगा को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने तत्काल प्रभाव से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। जांच दल को प्रकरण के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर तीन दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित छात्रावास अधीक्षक एवं मंडल संयोजक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


