फिर हत्या :मेरे शहर को किसकी नजर लगी - कन्हैया
फिर हत्या :मेरे शहर को किसकी नजर लगी - कन्हैया
असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद
रायपुर में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है ? कन्हैया
रायपुर । राजधानी रायपुर में लगातार हो रही हत्याओं, सट्टे, अवैध शराब, गांजे और जुए के कारोबार पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है । अश्विनी नगर (पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र) में देर रात हुए ताजा हत्याकांड पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "फिर हत्या! आखिर मेरे शांत और खुशहाल शहर को किसकी नजर लग गई है? क्षेत्र में हुए डबल मर्डर के खून के धब्बे अभी सूखे भी नहीं थे कि एक और हत्या ने राजधानी को दहला दिया है । यह सीधे तौर पर पंगु हो चुकी पुलिसिंग और प्रशासन के खोखले दावों पर बहुत बड़ा प्रश्नचिन्ह है।"
कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि आज पूरा प्रदेश और विशेष रूप से राजधानी रायपुर नशे तथा अवैध कारोबार के आगोश में समा चुकी है। गली-मोहल्लों में बिक रहे गांजे, शराब, धड़ल्ले से चल रहे सट्टे और जुए के अड्डों ने शहर की शांति छीन ली है। अपराधियों के मन से कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसके कारण आए दिन चाकूबाजी और नृशंस हत्याएं आम बात हो गई हैं। आम नागरिक और व्यापारी वर्ग खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने नींद से जागकर नशे के अवैध कारोबारियों, सटोरियों और अपराधियों पर तत्काल कठोरतम कार्रवाई नहीं की तो जनता की सुरक्षा और शहर की शांति बहाल करने के लिए आंदोलन किया जाएगा ।


