विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संबंध में हुई बैठक
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संबंध में हुई बैठक
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 हेतु कार्यक्रम जारी किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अविनाश भोई द्वारा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को बैठक ली गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित सभी ईआरओ और एईआरओ उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण मौजूद फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली को आधार बनाकर उसे अद्यतन किया जाएगा, इसका मुख्य उद्देश्य 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों (विशेषकर युवा एवं पहली बार मतदाता बनने वाले) का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करना, मृत, स्थानांतरित, डुप्लिकेट या अन्य अपात्र नामों को हटाना, नाम, पता, आयु, फोटो आदि में त्रुटियों का सुधार, मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना और आगामी अर्हता तिथियों (01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2027) के लिए अग्रिम आवेदन स्वीकार करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाना एवं मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना है।
जारी समय-सारणी अनुसार मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तरण एवं पुनर्गठन 02 नवंबर 2026 तक, एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक, प्राप्त दावा एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक और अंतिम निर्वाचक नामवली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले सभी भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु फॉर्म-6 में आवेदन लिए जाएंगे।
इसके अलावा आगामी 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले वर्तमान में 17+ आयु वर्ग के युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 में अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।
नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in) अथवा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ के पास ऑफलाइन माध्यम से भी फॉर्म जमा किया जा सकेगा।
ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी से बात करने के लिए बुक ए कॉल विद बीएलओ के माध्यम से कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते है।
मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी सहायता के लिए टॉल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते है।


