सेक्टर  5 कार्यालय में विधायक देवेंद्र यादव ने की भेंट-मुलाकात, पेंशन से लेकर सड़क-बिजली तक की मांगों पर की चर्चा

सेक्टर  5 कार्यालय में विधायक देवेंद्र यादव ने की भेंट-मुलाकात, पेंशन से लेकर सड़क-बिजली तक की मांगों पर की चर्चा

सेक्टर  5 कार्यालय में विधायक देवेंद्र यादव ने की भेंट-मुलाकात, पेंशन से लेकर सड़क-बिजली तक की मांगों पर की चर्चा

भिलाईनगर। आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनके निराकरण के लिए पहल करना जनप्रतिनिधि की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को सेक्टर-5 स्थित अपने विधायक कार्यालय में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत समस्याओं और वार्डों की मूलभूत जरूरतों को लेकर विधायक से मिलने पहुंचे।

भेंट-मुलाकात के दौरान खुर्सीपार से लेकर टाउनशिप क्षेत्र तक के नागरिकों ने अपनी परेशानियां विधायक के सामने रखीं। किसी ने कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने की समस्या बताई और जल्द पेंशन शुरू कराने की मांग की, तो किसी ने अपने वार्ड में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। कुछ नागरिक राशन कार्ड बनवाने की मांग लेकर भी पहुंचे।

विधायक देवेंद्र यादव ने सभी लोगों की बातें गंभीरता से सुनीं और उनकी समस्याओं को समझते हुए संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जरूरत है, उनमें संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाकर निराकरण के लिए पहल की जाएगी।

विधायक ने कहा कि जनता से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकता है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए विधायक कार्यालय में नियमित रूप से भेंट-मुलाकात की जाती है। क्षेत्र के नागरिक अपनी बात सीधे उनके सामने रख सकें और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल हो सके ।।