लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया जान बचाने के लिए कई छात्रों को खिड़कियों और बालकनी से नीचे कूदना पड़ा।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त इमारत में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद जान बचाने के लिए कई छात्रों को खिड़कियों और बालकनी से नीचे कूदना पड़ा। आसपास के लोगों ने सूचना दमकल को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए हैं। सात से आठ लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं की वजह से छात्रों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और कई छात्र बाहर निकलने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिलों से नीचे कूदते दिखाई दिए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि 15 लोगों की मौत हो गई है।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव संभव है क्योंकि राहत और बचाव कार्य जारी है।