बस्तर दशहरा के लिए जिले के मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल को प्रदान किए गए वस्त्र-परिधान
बस्तर दशहरा के लिए जिले के मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल को प्रदान किए गए वस्त्र-परिधान
कोण्डागांव, 19 अक्टूबर 2026/ बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जिले के मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल को वस्त्र-परिधान प्रदान किए गए। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य अतिथियों ने पारंपरिक पदाधिकारियों को वस्त्र-परिधान वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि बस्तर दशहरा वर्षों पुरानी परंपरा और हमारी समृद्ध आदिवासी संस्कृति का प्रतीक है। यह परंपरा हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती है। समय के साथ बदलाव स्वाभाविक है, लेकिन अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से कोण्डागांव में 05 करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। यह संग्रहालय हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को आदिवासी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को जानने एवं समझने का अवसर प्रदान करेगा।
विधायक सुश्री उसेण्डी ने सभी को बस्तर दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भी इससे परिचित कराना चाहिए, ताकि सकारात्मक सोच के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत निरंतर समृद्ध होती रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी पारंपरिक पदाधिकारियों की सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर अशोक ब्रह्मजी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी, निर्मल शार्दुल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल उपस्थित रहे।


