राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा : नगरीय निकाय चुनाव में लाभ लेने के लिए भूपेश बघेल कर रहे अनर्गल बयानबाजी, एफआईआर दर्ज की जाए
भिलाई स्टील प्लांट के निजीकरण का कांग्रेस फैला रही भ्रम, कर्मचारियों को डरने की जरूरत नहीं : भाजपा
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा : नगरीय निकाय चुनाव में लाभ लेने के लिए भूपेश बघेल कर रहे अनर्गल बयानबाजी, एफआईआर दर्ज की जाए
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला। श्रीमती वर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार हार के डर और हताशा के चलते पहले संवैधानिक संस्थाओं और अब देश के प्रमुख आर्थिक संस्थानों पर अनर्गल आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
भाजपा सांसद श्रीमती वर्मा ने स्पष्ट किया कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और भिलाई इस्पात संयंत्र के निजीकरण की केंद्र सरकार की कोई नीति या मंशा नहीं है। सेल प्रबंधन की ओर से भी इस बात का स्पष्टीकरण आ चुका है। बीएसपी कर्मचारियों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए श्रीमती वर्मा ने कहा कि वे किसी भी तरह के भ्रम या भय में न आएँ। बीएसपी छत्तीसगढ़ का गौरव और पहचान है तथा मिनी भारत का स्वरूप प्रस्तुत करता है। कर्मचारियों के हितों और उनकी सुविधाओं के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
भाजपा सांसद श्रीमती वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया व बयानों के जरिए बीएसपी को लेकर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि भिलाई में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कांग्रेस यह भ्रामक दुष्प्रचार कर रही है। लम्बे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस तुष्टीकरण, झूठ और भ्रमजाल की राजनीति पर उतर आई है ताकि लोगों को दिग्भ्रमित कर वोट हासिल किया जा सके।
भाजपा सांसद श्रीमती वर्मा ने कड़े शब्दों में मांग की कि सेल प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराए, जो बिना किसी तथ्य व प्रमाण के प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों से अफवाह फैला रहे हैं। यदि कांग्रेस के पास कोई पुख्ता और प्रामाणिक तथ्य हैं, तो वे जनता के सामने रखें, केवल बयानबाजी से जनता को गुमराह न करें। श्रीमती वर्मा ने जनसंघ के संस्थापक और तत्कालीन उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विजन के अनुरूप ही देश में उद्योगों की नींव रखी गई और श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता दी गई थी। उसी कड़ी में भिलाई इस्पात संयंत्र स्थापित हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हमेशा अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रही है, जबकि कांग्रेस देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने और विदेशी ताकतों के एजेंडे को हवा देने में जुटी है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता द्वय शताब्दी पांडेय व डॉ. किरण बघेल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी एवं महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक उपस्थित रहीं।


