सत्ता के संरक्षण में भाजपा की गुंडागर्दी चरम पर, छत्तीसगढ़ में कानून का राज नहीं जंगलराज
टोलकर्मी से मारपीट पर भाजपा सरकार मौन क्यों? मंत्री के समर्थक, पीए और सुरक्षाकर्मियों पर हो कड़ी कार्रवाई
सत्ता के संरक्षण में भाजपा की गुंडागर्दी चरम पर, छत्तीसगढ़ में कानून का राज नहीं जंगलराज
रायपुर/04 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने अंबिकापुर के लहपटरा टोल प्लाजा में टोलकर्मी के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के समर्थक, पीए एवं सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट, गाली-गलौज और दबंगई की घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि टोल बूथ टूटना गंभीर लापरवाही है, उसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेकर टोलकर्मी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का अधिकार नहीं है। भाजपा सरकार यह स्पष्ट करें कि मंत्री के समर्थक, पीए और सुरक्षाकर्मी होने से क्या उन्हें कानून अपने हाथ में लेने का लाइसेंस मिल जाता है?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में सत्ता की हनक इतनी बढ़ गई है कि नेता और उनके समर्थक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को खुलेआम धमकाने और दुर्व्यवहार करने से भी नहीं डर रहे हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट के आरोप लगे, विधायक रिकेश सेन द्वारा विरोध करने वालों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया और सांसद भोजराज नाग द्वारा अधिकारियों को उल्टा टांगने की धमकी देने की बात सामने आई। सुशासन तिहार के मंचों से भी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ भाजपा नेताओं के दुर्व्यवहार के मामले सामने आए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एक के बाद एक घटनाएं साबित कर रही हैं कि भाजपा राज में सत्ता से जुड़े लोगों के भीतर कानून का डर खत्म हो गया है। जब सत्ता के संरक्षण में खुलेआम दबंगई होगी तो आम आदमी न्याय के लिए किस दरवाजे पर जाएगा? भाजपा सरकार बताए कि क्या प्रदेश में दो कानून चल रहे हैं,एक भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों के लिए और दूसरा आम जनता के लिए?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री के समर्थक हों, पीए हों या सुरक्षाकर्मी,कानून से ऊपर कोई नहीं है। वर्दी और सत्ता की ताकत का इस्तेमाल किसी आम नागरिक को डराने, धमकाने या पीटने के लिए नहीं किया जा सकता। यदि सरकार दोषियों पर कार्रवाई नहीं करती है तो यह साफ है कि भाजपा सरकार में सत्ता के करीब रहने वालों को कानून हाथ में लेने की खुली छूट मिली हुई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि टोल बूथ टूटने की जिम्मेदारी तय हो, लेकिन उसकी आड़ में टोलकर्मी के साथ हुई कथित मारपीट और गुंडागर्दी को किसी कीमत पर दबाया नहीं जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।


