30 साल की निष्पक्ष सेवा के बाद अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे हुए सेवानिवृत्त, जिला प्रशासन ने दी भावभीनी विदाई
मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर
बिलासपुर। जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में सोमवार को अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। लगभग तीन दशक तक शासकीय सेवा में अपनी कार्यकुशलता, निष्ठा और निष्पक्ष प्रशासनिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले दुबे को जिला प्रशासन ने सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि श्री दुबे ने अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में विभिन्न जिलों और विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा जनहित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि किसी भी अधिकारी की असली पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्यों और व्यवहार से होती है। श्री दुबे ने अपने सेवा काल में अपनी कार्यशैली, संवेदनशीलता और सरल व्यक्तित्व से सभी का सम्मान अर्जित किया।
वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि श्री दुबे का सहयोगात्मक दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता हमेशा याद रखी जाएगी।
अपने विदाई उद्बोधन में भावुक हुए एस.एस. दुबे ने कहा कि प्रशासनिक सेवा उनके लिए केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम रही है। उन्होंने अपने 30 वर्षों के कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और लोगों से उनका जुड़ाव बना रहेगा। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी** सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एस.एस. दुबे के स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

cg24 
