18 लाख नए पीएम आवास देने में नाकाम भाजपा सरकार, सांसद संतोष पांडेय गरीबों को गुमराह करना बंद करें
रायपुर/06 नवंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार मोदी की गारंटी के तहत गरीबों को 18 लाख प्रधानमंत्री आवास देने का वादा पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। तीन साल बीत जाने के बाद भी लाखों गरीब परिवार अपने पक्के मकान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सांसद संतोष पांडेय सहित भाजपा के नेता आवास देने के नाम पर लगातार झूठे दावे कर रहे हैं। गरीबों को मकान देने के बजाय उन्हें तारीखों, घोषणाओं और आश्वासनों के जाल में उलझाया जा रहा है। यह गरीब परिवारों की उम्मीदों के साथ क्रूर मजाक है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रधानमंत्री आवास योजना पर चर्चा की चुनौती दी थी। उस चर्चा में भाजपा के दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर जनता के सामने उजागर हुआ। प्रदेश में अब तक जितने आवास पूर्ण हुए हैं और जो निर्माणाधीन हैं, उनमें कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत आवास भी शामिल हैं। भाजपा सरकार अब तक अपने कार्यकाल में नए आवासों की स्वीकृति और निर्माण की ठोस उपलब्धि जनता के सामने रखने में नाकाम रही है। नए आवास देने के नाम पर भाजपा नेताओं के पास केवल भाषण और बयानबाजी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सांसद संतोष पांडेय जिस संसद के सदस्य हैं, उसी संसद में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल के जवाब में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार बीते पांच वर्षों में सर्वाधिक प्रधानमंत्री आवास कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बने। ऐसे में संतोष पांडेय को कांग्रेस सरकार पर निराधार आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि मोदी की गारंटी के तहत घोषित 18 लाख नए आवास गरीबों को अब तक क्यों नहीं मिले? कितने नए आवास स्वीकृत हुए, कितनों का निर्माण शुरू हुआ और कितने गरीब परिवारों को वास्तव में मकान मिला?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 18 लाख आवासों की स्वीकृति को लेकर भाजपा सरकार के दावों की पोल खोल दी,उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पीएम आवास के एक आवास स्वीकृत नही कर सकते।पीएम आवास के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा नेताओं को समझना चाहिए कि गरीबों को बार-बार आवास का सपना दिखाने से उनका घर नहीं बनेगा। मोदी की गारंटी के 18 लाख आवास का हिसाब देना होगा। सांसद संतोष पांडेय कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार से जवाब मांगें। गरीबों के नाम पर राजनीति बंद करें और बताएं कि वादा पूरा कब होगा।