एसबीआईएमएस के एनेस्थीसिया विभाग द्वारा 'नियोनेटल एयरवे मैनेजमेंट' कार्यशाला का सफल आयोजन
रायपुर: बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SBIMS) के एनेस्थीसिया विभाग की ओर से 13 सितंबर को 'नियोनेटल एयरवे मैनेजमेंट' (नवजात श्वसन मार्ग प्रबंधन) पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक, प्रबंध निदेशक श्रीमती नीता नायक, अकादमिक डीन डॉ. माणिक चटर्जी एवं एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. रीमा वाधवा द्वारा किया गया।
कार्यशाला की मुख्य आयोजक (ऑर्गनाइज़र) डॉ. अनीशा नागरिया रहीं। इस प्रशिक्षण सत्र में 30 चिकित्सकों ने भाग लिया और नवजात शिशुओं में श्वसन मार्ग के सटीक मूल्यांकन (Airway Assessment) के साथ-साथ बेसिक और एडवांस्ड एयरवे मैनेजमेंट की आधुनिक व जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। नवजात शिशुओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए यह कौशल क्लीनिकल प्रैक्टिस में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
इस अवसर पर एनेस्थीसिया विभाग के सभी चिकित्सक और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्रों को मरीजों की बेहतर देखभाल और नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए बेहद उपयोगी बताया।



