बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी ने प्रभावित परिवारों को प्रदान की सहायता राशि
दुर्घटना में जिले के तीन मृत श्रमिकों के परिजनों को 09-09 लाख रुपए सहित कुल 27 लाख रूपए तथा दो घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए सहित कुल 01 लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार प्रभावित परिवारों एवं घायलों को कुल 28 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी गई। इसमें मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 लाख रुपए तथा उत्तराखण्ड शासन से प्राप्त 12 लाख रूपए की सहायता राशि शामिल है।
सहायता राशि प्रदान करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘विकसित भारत–जी राम जी’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर अपने गांव में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर का लाभ लें और जीविकोपार्जन के लिए काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि चमोली हादसे से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य शासन और विधायक सुश्री लता उसेंडी उनके साथ हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अपर कलेक्टर एवं कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव, अतिरिक पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह सहित श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


