CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसमी सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर से प्रदेश में बारिश का प्रभाव ज्यादा दिखाई देने लगेगा और कुछ जिलों में भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है।
रविवार को भी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सुकमा, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़कर मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 22 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं प्रदेश से मानसून की विदाई 29 सितंबर के बाद शुरू होने के संकेत हैं।
राजधानी रायपुर में भी रविवार को मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मानपुर में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि नारायणपुर में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। दुर्गकोंदल, अंतागढ़, रायपुर शहर, लालपुर थाना और पखांजूर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बावजूद रायपुर में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहा।


