डॉ. राम मनोहर लोहिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला संतोषी नगर में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत बाल संरक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डॉ. राम मनोहर लोहिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला संतोषी नगर में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत बाल संरक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। जिला न्यायालय रायपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत डॉ. राम मनोहर लोहिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला संतोषी नगर में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत बाल संरक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय कुमारी प्रज्ञा सिंह जेएमएफसी रायपुर, कुमारी श्रद्धा भगत जेएमएफसी रायपुर एवं पैनल अधिवक्ता अंकिता मिश्रा ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पॉक्सो एक्ट, बाल शोषण, बाल विवाह की रोकथाम एवं विधिक संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पैरालीगल वॉलिंटियर सचिन पांडे एवं शंकर साहू ने बच्चों को ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘बोलो-बताओ-बचाओ’ एवं ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ विषयों पर जागरूक किया।
इस अवसर पर थाना टिकरापारा के वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू ने बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल शोषण एवं बाल विवाह से बचाव तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में बिना भय अपनी बात अभिभावकों एवं शिक्षकों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आपातकालीन सहायता नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदना ओझा एवं शिक्षिकाएं गीतिका शर्मा, उपासना साहू, लक्ष्मी देवांगन और ओमेश्वरी साहू उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मविश्वासी बनाना तथा भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।