राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाई दौड़ सांसद एवं विधायक ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाई दौड़ सांसद एवं विधायक ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाई दौड़
सांसद एवं विधायक ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
नरहरदेव मैदान से न्यू बस स्टैंड तक दौड़कर दिया एकता और अखंडता का संदेश

उत्तर बस्तर कांकेर, 31 अक्टूबर 2026/ भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर आज कांकेर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। सांसद  भोजराज नाग और विधायक कांकेर  आशा राम नेताम ने एकता दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।  दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। रन फॉर यूनिटी नरहरदेव स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर न्यू बस स्टैंड स्थित डोम तक आयोजित की गई। इस दौरान सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष  अरूण कौशिक, पुलिस अधीक्षकनिखिल राखेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं दौड़ लगाकर कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

एकता नगर की परेड में शामिल होंगी कांकेर की बेटियां-एसपी निखिल राखेचा
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली भव्य एकता परेड के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ पुलिस का दल भी शामिल हो रहा है और इसमें कांकेर जिले की बेटियां भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कांकेर की महिला जवान बस्तर फाइटर्स के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और जिले का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल की बेटियों का इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन में शामिल होना पूरे कांकेर जिले के लिए गर्व का विषय है। पुलिस अधीक्षक श्री राखेचा ने बस्तर फाइटर्स, डीआरजी एवं सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर  महेश जैन, एसडीएम कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।