कांकेर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांकेर विधायक  आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कांकेर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांकेर विधायक  आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग ने लगाया सेवा सेतु शिविर
राशन कार्ड, आधार प्रमाणीकरण सहित खाद्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के माध्यम से सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा न्यू कम्युनिटी हॉल, कांकेर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांकेर विधायक  आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में हितग्राहियों को खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ आधार प्रमाणीकरण, नए राशन कार्ड के लिए आवेदन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन से संबंधित जानकारी एवं सुविधाओं के बारे में भी हितग्राहियों को अवगत कराया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक  आशाराम नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग की सेवाएं सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़ी हैं तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित कराने का आह्वान किया।
प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न माध्यमों से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न गतिविधियां जिलेभर में आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम वर्ष 2013 में लागू हुआ, जबकि छत्तीसगढ़ में इससे पहले ही छत्तीसगढ़ खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2012 प्रभावशील हो गया था।
श्रीमती कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में हितग्राही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में निःशक्तजन एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए पृथक राशन कार्ड की व्यवस्था करते हुए प्रतिमाह 10 किलो राशन निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने खाद्य वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का उल्लेख करते हुए बताया कि रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में ऐसी व्यवस्था शुरू की गई है, जिसके माध्यम से हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुविधाजनक तरीके से खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं को कांकेर जिले में भी उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने अथवा नया राशन कार्ड बनवाने के लिए ग्राम पंचायतों एवं नगरपालिका को अधिकृत किया गया है तथा नागरिक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के अलग-अलग स्थानों पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को ग्राम मोदे में सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की।
श्री मंडावी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी से आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लगभग 10 लाख दीयों से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक एवं पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने भी नागरिकों को संबोधित किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।