विधायक सुश्री लता उसेंडी ने 50 सीटर प्री मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का किया लोकार्पण महतारी सदन निर्माण कार्य का भी हुआ भूमि पूजन

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने 50 सीटर प्री मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का किया लोकार्पण महतारी सदन निर्माण कार्य का भी हुआ भूमि पूजन

सेवा संकल्प अभियान के दौरान ग्राम रांधना में विद्यार्थियों को मिली छात्रावास भवन की सौगात
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने 50 सीटर प्री मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का किया लोकार्पण
महतारी सदन निर्माण कार्य का भी हुआ भूमि पूजन
 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माकड़ी विकासखंड के ग्राम रांधना में विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर आवासीय सुविधा की सौगात मिली। यहां नवनिर्मित 50 सीटर प्री मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने बुधवार को लोकार्पण किया। 1.87 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस छात्रावास भवन से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रखने में सहूलियत मिलेगी। इसी प्रकार ग्राम रांधना में 30 लाख रूपए की लागत से बनने वाले महतारी सदन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि विद्यार्थी जब शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलते हैं, तो छात्रावास उनका दूसरा घर बन जाता है। शासन का प्रयास है कि क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए अधोसंरचना का विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर भी जोर दिया।

विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में आज विद्यार्थियों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त छात्रावास भवन की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिलने वाली सहायता जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक हो रही है।

पूर्व विधायक 

सेवकराम नेताम ने कहा कि विद्यार्थियों का समय उनके भविष्य को संवारने का समय होता है। शासन का उद्देश्य है कि शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और विकास की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपने घरों में एक पौधा लगाने की अपील भी की।

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि नवनिर्मित छात्रावास के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण समय छात्रावास में व्यतीत होता है, इसलिए छात्रावासों और आश्रमों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए आदिवासी विकास विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी पहल पर आधारित पत्रिका का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा आदिवासी विकास विभाग द्वारा आश्रम विद्यालयों और छात्रावासों में बच्चों के द्वारा अपने परिसरों को सुंदर, प्रेरणादायक और शिक्षाप्रद बनाने के लिए चलाए गए एक अनूठे अभियान पर आधारित पत्रिका ‘नवोन्मेष’ का भी विमोचन इस अवसर पर पूर्व विधायक 

सेवकराम नेताम, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष 

दीपेश अरोरा, 

संतोष पात्रे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भगवती महेश नेताम, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या नेताम,

 अंगत पटेल, श्रीमती गायत्री नेताम, श्रीमती अंजनी शंकरलाल मण्डावी, 

सोनसाय मरकाम, 

संजू पोयाम, 

संजू ग्वाल सहित जिला पंचायत सीईओ 

अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेंद्र तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।