“अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है साय सरकार, हर किसान को मिलेगा उसके परिश्रम का पूरा सम्मान” — विधायक अनुज शर्मा

“अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है साय सरकार, हर किसान को मिलेगा उसके परिश्रम का पूरा सम्मान” — विधायक अनुज शर्मा

भड़हा व खपरीडीह खुर्द  के किसानों का वर्षों पुराना सपना साकार: विधायक अनुज शर्मा ने किया नवीन धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ

•  “अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है साय सरकार, हर किसान को मिलेगा उसके परिश्रम का पूरा सम्मान” — विधायक अनुज शर्मा

ख़रोरा। क्षेत्र के अन्नदाताओं की सुविधा और धान खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुगम, सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, बुड़ेनी (पंजीयन क्रमांक 911) के अंतर्गत नवीन धान उपार्जन केंद्र-भड़हा व खपरीडीह खुर्द का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धरसीवां के विधायक अनुज शर्मा ने शिरकत की और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के किसानों को यह बहुप्रतीक्षित सौगात समर्पित की।

स्थानीय किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
भड़हा व खपरीडीह खुर्द और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों द्वारा लंबे समय से यहां एक नए धान उपार्जन केंद्र की मांग की जा रही थी। अब तक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इस नवीन केंद्र की स्थापना की गई है। इसके शुरू होने से अब स्थानीय किसानों के समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी, साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था भी पहले से अधिक सुचारू हो सकेगी।

लगभग 40,000 भड़हा व 17,580 खपरीडीह खुर्द  क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य
प्रशासनिक एवं समिति अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस नवीन धान उपार्जन केंद्र-भड़हा के माध्यम से वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 40,000 व खपरीडीह खुर्द में 17,580 क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है। केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल, पर्याप्त बारदाना, स्वच्छ पेयजल, छांव और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

'अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है विष्णु देव साय सरकार' — विधायक अनुज शर्मा
इस अवसर पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि अन्नदाताओं की सेवा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "भड़हा व खपरीडीह खुर्द में नए धान उपार्जन केंद्र की मांग काफी समय से थी। आज प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बुड़ेनी के अंतर्गत इस नवीन केंद्र का शुभारंभ करते हुए मुझे अत्यंत गर्व और प्रसन्नता हो रही है। यह केंद्र क्षेत्र के किसानों की सेवा में समर्पित है।"
विधायक श्री शर्मा ने आगे कहा कि हमारी सरकार अन्नदाताओं के उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए हर कदम पर प्रतिबद्ध है। आज प्रदेश में ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है और 'कृषक उन्नति योजना' के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश कोई किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान भी बेचता है, तब भी उसके सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर उसे आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह इस बात का प्रमाण है कि विष्णु देव साय सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है।

समारोह में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस किसान-हितैषी एवं ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह में विधायक अनुज शर्मा के साथ देवजी भाई पटेल (पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष, अपैक्स कॉर्पोरेशन छत्तीसगढ़), निरंजन सिन्हा (अध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर), अभिनेश कश्यप (उपाध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर), रौशन चन्द्राकर (अध्यक्ष, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बुड़ेनी), श्रीमती वेदिका अनिल चन्द्राकर (सरपंच, ग्राम पंचायत भड़हा), वेदराम मनहरे, योगेश चंद्राकर, सोना वर्मा, सुरेंद्र वर्मा सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और ग्रामीणजन उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
समारोह के दौरान अतिथियों का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया गया और किसानों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।